Indigo एयरलाइंस की एक फ्लाइट का वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। यह वीडियो एक ऐसे पल का है जिसे देखकर हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो जाएगा। दरअसल दिल्ली से बेंगलुरु जा रही फ्लाइट में एक साहसी BSF जवान को ताली बजाकर सम्मान दिया गया। यह जवान कोई और नहीं बल्कि ऑपरेशन सिंदूर में वीरता दिखाने वाले असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर राजप्पा बीडी थे। जैसे ही फ्लाइट अटेंडेंट ने उनके नाम की घोषणा की तो पूरा विमान तालियों से गूंज उठा।
ऑपरेशन सिंदूर के हीरो का हुआ सम्मान
यह घटना 10 जून 2025 की है जब इंडिगो की फ्लाइट में एक घोषणा की गई। माइक से फ्लाइट अटेंडेंट ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान असाधारण साहस दिखाने वाले राजप्पा बीडी की बहादुरी का जिक्र किया। बताया गया कि 7 और 8 मई को हुए ऑपरेशन में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भारी गोलाबारी के बीच अपने साथियों की रक्षा करते हुए वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। फ्लाइट में मौजूद सभी यात्रियों ने उनके समर्पण और साहस के लिए खड़े होकर तालियां बजाईं।
"कुछ वीर जन्म से नहीं, कर्म से महान बनते हैं"
दिनांक 10 जून 2025, इंडिगो दिल्ली-बेंगलुरु के विमान कर्मी दल द्वारा बीएसएफ की 165 बटालियन के सहायक उप निरीक्षक राजप्पा बी.डी. द्वारा ऑपरेशन सिन्दूर में किये गए वीरोचित कार्य का पुनः स्मरण, उनकी कर्तव्यनिष्ठा और देश के लिए समर्पण का… pic.twitter.com/CBASsQLpd7
— BSF (@BSF_India) June 11, 2025
वीडियो में दिखा देशभक्ति का अनमोल दृश्य
बीएसएफ ने इस भावुक पल का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया। वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा गया, “कुछ हीरो जन्म से नहीं बल्कि अपने कर्मों से महान बनते हैं। 10 जून को दिल्ली-बेंगलुरु इंडिगो फ्लाइट के क्रू ने BSF की 165वीं बटालियन के असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर राजप्पा बीडी का सम्मान किया। यह ऑपरेशन सिंदूर में दिखाए गए अदम्य साहस की याद है। BSF इस सम्मान के लिए इंडिगो का आभार व्यक्त करती है।” इस वीडियो ने लोगों के दिलों को छू लिया और सोशल मीडिया पर इसे हजारों बार देखा और शेयर किया गया।
घोषणा ने भर दिया गर्व और सम्मान का भाव
घोषणा के दौरान जैसे ही फ्लाइट में कहा गया, “कुछ हीरो जन्म से नहीं बल्कि कर्मों से महान बनते हैं,” पूरा माहौल तालियों की गूंज से भर गया। यह एक ऐसा पल था जब देश की सुरक्षा में लगे जवानों के लिए जनता ने खुले दिल से अपना सम्मान जताया। इंडिगो ने एक सराहनीय पहल करते हुए यह दिखा दिया कि हमारे जवानों का सम्मान सिर्फ सीमाओं पर ही नहीं बल्कि हर जगह होना चाहिए। यह छोटा सा लेकिन गहरा संदेश देशवासियों के दिल में हमेशा के लिए बस गया।
