Sri Lanka Accident: रविवार को श्रीलंका के सेंट्रल प्रांत के कोटमाले इलाके में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। यह हादसा तब हुआ जब एक बस खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक घटना में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है और 30 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पहाड़ी रास्ते पर मुड़ते वक्त हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार यह हादसा उस समय हुआ जब बस ड्राइवर पहाड़ी रास्ते पर बस को बाईं ओर मोड़ने की कोशिश कर रहा था। उसी दौरान बस फिसल गई और सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि बस के परखच्चे उड़ गए। फिलहाल दुर्घटना के सही कारण का पता नहीं चला है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस राज्य परिवहन निगम की थी और इसमें कुल 75 यात्री सवार थे।
कटरगामा से कुरुनेगाला जा रही थी बस
हादसे के वक्त बस दक्षिण श्रीलंका के धार्मिक स्थल कटरगामा से उत्तर पश्चिमी शहर कुरुनेगाला की ओर जा रही थी। यह एक लंबी यात्रा थी और बस में अधिकतर श्रद्धालु सवार थे। श्रीलंका के उप परिवहन मंत्री प्रसन्ना गुणवर्धना ने बताया कि अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 30 से अधिक लोग घायल हैं जिनमें कई की हालत गंभीर है। घायलों का इलाज नजदीकी अस्पतालों में चल रहा है और प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद दी जा रही है।
सरकार ने दिए जांच के आदेश
इस हादसे के बाद श्रीलंका सरकार ने तुरंत जांच के आदेश दे दिए हैं। उप मंत्री ने कहा कि हादसे के पीछे क्या कारण रहे इस पर जल्द ही पूरी रिपोर्ट मांगी गई है। साथ ही सरकार ने मृतकों के परिवारों को मदद देने की घोषणा भी की है। इस घटना ने पूरे श्रीलंका को झकझोर कर रख दिया है। देश में सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। इस हादसे से यह साफ हो गया है कि पहाड़ी क्षेत्रों में बस ड्राइवरों को विशेष प्रशिक्षण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की आवश्यकता है।
