Delhi News: राजधानी दिल्ली को साफ और सुंदर बनाने के लिए न्यू दिल्ली म्यूनिसिपल काउंसिल यानी NDMC ने एक मेगा सफाई अभियान शुरू किया है। यह अभियान 3 मई से शुरू हो चुका है और पूरे 20 दिन तक चलेगा। NDMC अध्यक्ष केशव चंद्रा ने इस अभियान की शुरुआत मंडी हाउस सर्कल से बंगाली मार्केट के बीच सफदर हाशमी मार्ग से की। यह अभियान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा घोषित व्यापक शहरव्यापी स्वच्छता मिशन का हिस्सा है। इस पहल का मकसद है कि दिल्ली के सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई को बढ़ावा दिया जाए और एक नया बदलाव लाया जाए।
बीस दिन सड़क पर उतरेंगे NDMC कर्मचारी
NDMC के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि इस अभियान के तहत सभी अधिकारी और कर्मचारी सड़क पर उतरेंगे और खुद सफाई का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “स्वच्छ भारत मिशन” की प्रेरणा से दिल्ली को भी साफ करने का संकल्प लिया गया है। यह अभियान विकसित भारत के सपने को साकार करने की दिशा में NDMC और दिल्ली सरकार का एक मजबूत कदम होगा। उन्होंने आगे कहा कि जब तक हम सब मिलकर नहीं निकलेंगे तब तक दिल्ली साफ नहीं होगी। इस अभियान से लोगों को भी प्रेरणा मिलेगी कि वे खुद भी अपने आसपास सफाई रखें।
#WATCH दिल्ली: NDMC के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी का जो स्वच्छ भारत का संकल्प है, उसी का आह्वान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया है कि हम दिल्ली को स्वच्छ करेंगे। हम 20 दिनों का पखवाड़ा चलाएंग…20 दिन NDMC के सभी कर्मचारी और अधिकारी सड़कों पर रहेंगे…हम… pic.twitter.com/QeSYGR7VgF
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 6, 2025
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी उठाया झाड़ू
इस स्वच्छता अभियान में खुद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर परिसर में सफाई की और मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। उन्होंने कहा कि दिल्ली के NDMC क्षेत्र में सरकार और नगर निकाय मिलकर यह अभियान चला रहे हैं। उनका कहना था कि अब वक्त आ गया है कि सभी लोग सड़कों पर उतरें और सफाई को लेकर जागरूकता फैलाएं। उन्होंने यह भी कहा कि स्वच्छ दिल्ली, सुंदर दिल्ली की ओर यह एक ज़रूरी कदम है और हर नागरिक का यह हक है कि उसे एक साफ और स्वस्थ वातावरण मिले।
#WATCH दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "दिल्ली में सिविक एजेंसियों और सरकार द्वारा NDMC क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है…हमने सभी को एक संदेश दिया है कि दिल्ली में सफाई अभियान को दुरुस्त करने के लिए सबको अब सड़कों पर उतरना होगा…सभी इस स्वच्छता अभियान में… https://t.co/sl4U6jscBT pic.twitter.com/htTT0wgUDY
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 6, 2025
जनता से की भागीदारी की अपील
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और NDMC उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल दोनों ने जनता से अपील की है कि इस सफाई अभियान में आगे बढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि सरकार और नगर निगम तो अपना काम कर ही रहे हैं लेकिन जब तक आम लोग जुड़ेंगे नहीं तब तक यह मिशन पूरी तरह सफल नहीं हो पाएगा। इस 20 दिवसीय अभियान में दिल्ली के पार्कों, बाजारों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों की विशेष सफाई की जाएगी। उम्मीद की जा रही है कि इस अभियान से ना सिर्फ साफ-सफाई बेहतर होगी बल्कि लोगों की सोच में भी बदलाव आएगा और वे अपने परिवेश को स्वच्छ बनाए रखने की जिम्मेदारी खुद उठाएंगे।
