Shehzad Poonawalla: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के नेता लाल बिहारी यादव के बयान पर अब भारतीय जनता पार्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि अब कांग्रेस के बाद राजद और सपा नेता भी पाकिस्तान को क्लीन चिट दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सपा नेता कह रहे हैं कि यह हमला राजनीतिक कारणों से किया गया है। इसका मतलब यह है कि वे पाकिस्तान को बचा रहे हैं और हमारे सुरक्षाबलों का मनोबल गिरा रहे हैं। पूनावाला ने कहा कि सपा के रामगोपाल यादव पहले भी पुलवामा हमले को वोट के लिए बताया था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन और पाकिस्तान जैसे दो शरीर और एक आत्मा हैं।
संबित पात्रा ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर बोला हमला
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने भी इस मुद्दे पर कांग्रेस और राहुल गांधी को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वर्किंग कमेटी बाहर से भले ही CWC हो लेकिन अंदर से PWC यानी पाकिस्तान वर्किंग कमेटी बन गई है। हर दिन कोई न कोई कांग्रेस नेता पाकिस्तान की भाषा बोलता है। पात्रा ने कहा कि आतंकवादी हमले के बाद से सैफुद्दीन सोज जैसे नेता कहते हैं कि पाकिस्तान से बात करनी चाहिए और पानी की सप्लाई बंद नहीं करनी चाहिए। उन्होंने सिद्धारमैया पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह इस मुद्दे पर आंसू बहा रहे हैं। पात्रा ने कहा कि अगर हमारी सुरक्षा रणनीति बताई जाए तो कांग्रेस के PWC नेता खुद पाकिस्तान जाकर उसे बता देंगे।
#WATCH | Delhi: On Samajwadi Party leader Lal Bihari Yadav's statement on #PahalgamAttack, BJP National Spokesperson Shehzad Poonawalla says, "…After the all-party meet, one by one, Congress leaders, RJD leaders and now, SP leaders are giving clean chit to Pakistan…SP leader… pic.twitter.com/JIRzwQyqi4
— ANI (@ANI) May 6, 2025
हिमंता बिस्वा सरमा का दावा और पात्रा का खुलासा
संबित पात्रा ने आगे कहा कि हाल ही में एक इंटरव्यू में उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा को यह कहते सुना कि कांग्रेस पार्टी का एक सीनियर नेता अटारी बॉर्डर पार कर पाकिस्तान गया और वहां 15 दिन तक रुका। वह किसी फ्लाइट से नहीं गया ताकि पकड़ा न जा सके। पात्रा ने दावा किया कि वह नेता इस्लामाबाद में 15 दिन रहा और उसके बच्चे भी भारत के नागरिक नहीं हैं। पात्रा ने यह भी दोहराया कि कांग्रेस बाहर से भले CWC दिखे लेकिन असल में वह PWC यानी पाकिस्तान वर्किंग कमेटी बन चुकी है।
सर्जिकल स्ट्राइक पर भी कांग्रेस पर हमला
पात्रा ने कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता सर्जिकल स्ट्राइक जैसी ऐतिहासिक कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता चारणजीत सिंह चन्नी ने हाल ही में कहा कि पुलवामा के बाद कोई सर्जिकल स्ट्राइक नहीं हुई। पात्रा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस बार-बार पाकिस्तान की सेना और आतंकियों को ऑक्सीजन देने का काम कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस सत्ता में थी तब उन्होंने कभी जातीय जनगणना क्यों नहीं करवाई। उन्होंने कहा कि अब राहुल गांधी जातीय जनगणना की बात कर रहे हैं जबकि उनके कार्यकाल में सारे जनगणना हुए लेकिन एक बार भी जातीय गणना नहीं करवाई।
