Pakistan Balochistan Blast: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में एक बार फिर बड़ा आतंकी हमला हुआ है। इस बार हमलावरों ने पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को मस्तुंग जिले में एक पुलिस बस पर हुए धमाके में तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई जबकि 16 अन्य घायल हो गए। यह धमाका उस वक्त हुआ जब बस में करीब 40 पुलिसकर्मी सवार थे।
मस्तुंग जिले में सड़क किनारे बम विस्फोट
बलूचिस्तान प्रशासन के अधिकारी राजा मोहम्मद अकबर ने बताया कि यह घटना क्वेटा से करीब 40 किलोमीटर दक्षिण में मस्तुंग जिले में हुई। उन्होंने कहा कि यह एक सड़क किनारे रखा गया आईईडी विस्फोट था। धमाका इतना तेज़ था कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। तीन पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 16 अन्य घायल हुए। हमले के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल फैल गया।
घायलों की हालत गंभीर, क्वेटा अस्पताल भेजे गए
बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने बताया कि घायलों में से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जिनकी हालत गंभीर है उन्हें क्वेटा रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है और एक विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। साथ ही सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और हमलावरों की पहचान के प्रयास जारी हैं।
बलूच विद्रोहियों की बढ़ती गतिविधियां चिंता का विषय
गौरतलब है कि बलूचिस्तान में लंबे समय से विद्रोही गतिविधियां चल रही हैं। पिछले महीने बलूच विद्रोहियों ने एक यात्री ट्रेन को भी हाईजैक कर लिया था। बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) एक सशस्त्र संगठन है जो पाकिस्तान से बलूचिस्तान की स्वतंत्रता की मांग करता है। यह संगठन 2000 के दशक की शुरुआत में अस्तित्व में आया और तब से कई हिंसक घटनाओं में शामिल रहा है। पाकिस्तान सरकार और सुरक्षा एजेंसियों के लिए यह संगठन एक बड़ी चुनौती बना हुआ है।
यह हमला न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है बल्कि यह भी बताता है कि बलूचिस्तान में शांति स्थापना अब भी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।
